जामा मस्जिद जाने का ऐलान करने वाले पुजारी नरसिंहानंद को नजरबंद किया
गाजियाबाद. विवादास्पद बयान देकर चर्चा में आए गाजियबाद स्थित डासना देवी मंदिर के पुजारी यति नरसिंहानंद सरस्वती को अब घर में नजरबंद कर दिया गया है. उन्होंने कुछ दिन पहले ही दिल्ली की जामा मस्जिद जाने की घोषणा की थी. पुजारी ने कहा था कि वह 17 जून को मस्जिद जाएंगे और कुरान पर एक प्रस्तुति देंगे. गाजियाबाद प्रशासन ने पहले उन्हें नोटिस जारी कर साम्प्रदायिक नफरत फैलाने वाला बयान देने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी थी. एसडीएम (सदर) विनय कुमार सिंह ने उनकी नजरबंदी के बारे में को बताया कि जिले में कानून व्यवस्था कायम रखने के लिए यह कदम उठाया गया. उन्होंने कहा कि पुजारी को आधी रात तक कड़ी निगरानी में रखा जाएगा. इस बीच, पुजारी का एक कथित वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर सामने आया. जिसमें उन्होंने कहा कि मुसलमान बिना किसी डर के सड़क पर घूम रहे हैं. देश में दिन-प्रतिदिन हिंसा फैल रही है और मुस्लिम नेता हिंदुओं का सिर कलम करने के लिए ‘फतवा’ जारी कर रहे हैं.